खाद्य सुरक्षा और गिव अप अभियान पर जोर, पाली में तहसील स्तरीय समितियों की अहम बैठक आयोजित

पाली : खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशों की अनुपालना में पाली के पेंशनर भवन में तहसील स्तरीय आवंटन सलाहकार समिति एवं तहसील स्तरीय खाद्य सुरक्षा एवं सतर्कता समिति की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में तहसील क्षेत्र के सभी समिति सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला रसद अधिकारी कमल पंवार ने समिति सदस्यों को उनके अधिकारों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने गिव अप अभियान में अधिक से अधिक पात्र लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया तथा अपने-अपने क्षेत्र में आने वाली उचित मूल्य दुकानों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए।

उन्होंने खाद्य सुरक्षा से जुड़े कार्यों की सतत निगरानी, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता के साथ लागू करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में प्रवर्तन अधिकारी जितेन्द्र सिंह आशिया, प्रवर्तन निरीक्षक भरत कुमार, हेमन्त सेन सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के माध्यम से खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन को योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने की रणनीति पर मंथन किया गया।




