google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में ‘आगाज़’ के तहत सड़क सुरक्षा का संदेश, गजनगढ़ टोल पर प्रशासन और परिवहन विभाग का संयुक्त आयोजन

पाली : जिला प्रशासन पाली एवं प्रादेशिक परिवहन अधिकारी कार्यालय पाली के संयुक्त तत्वावधान में ‘आगाज़’ कार्यक्रम के अंतर्गत गजनगढ़ टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रभा रहे, जबकि विशेष अतिथि आरटीओ पाली ओपी बैरवा एवं विशिष्ट अतिथि एआरटीओ गणपत पुनड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीकांत एवं वरिष्ठ टोल ऑपरेशन मैनेजर पवन कुमार भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान राजस्थान सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित सीएसआर एवं सुरक्षा मैनेजर फिरोज़ खान ने जानकारी देते हुए बताया कि आरटीओ कार्यालय के निर्देशानुसार जिले के कई राजकीय एवं निजी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर स्लोगन, प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में जिलेभर के लगभग 3000 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 30 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

मुख्य अतिथि एडीएम ओम प्रभा ने सड़क उपयोगकर्ताओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और सरकार द्वारा संचालित राहवीर योजना पर जोर देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि घायल की सहायता करने पर सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है। साथ ही उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और आवश्यक आपातकालीन नंबर मोबाइल में सेव रखने की अपील की, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तुरंत सूचना दी जा सके।

आरटीओ ओपी बैरवा एवं एआरटीओ गणपत पुनड़ ने कहा कि इस माह का मुख्य उद्देश्य “सीख से सुरक्षा और प्रौद्योगिकी से परिवर्तन” है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा हम सभी की प्राथमिकता है और यातायात नियमों का पालन करना हमारे जीवन की रक्षा के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में एचआर मैनेजर बृजेश सिंह सहित टोल प्लाजा के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पवन कुमार द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button