पैकेज कॉलोनी स्थित राजकीय बालिका विद्यालय में वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

पाली : श्रीमती चीमा बाई संचेती राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पैकेज कॉलोनी पाली में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसीबीईओ देवाराम चौधरी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि उर्मिला जैन एवं दीपक जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की एसएमसी अध्यक्ष रेखा प्रजापत ने की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ पंकज शर्मा, हेमंत शर्मा, महेन्द्र, कृष्णा शर्मा, राजकुमारी जैन, मनीषा बोराणा एवं अनुराधा राजपुरोहित द्वारा अतिथियों का माला, साफा, शाल एवं उपरना पहनाकर स्वागत एवं बहुमान किया गया।
इस अवसर पर उर्मिला जैन द्वारा बारहवीं कक्षा की विदाई ले रही छात्राओं को पानी की बोतल एवं रजिस्टर भेंट किए गए। वहीं बालिया स्कूल के वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक नरेशचंद्र बोहरा ने विद्यालय की सभी छात्राओं को पेन भेंट किए। समाजसेवी दीपक जैन ने विद्यालय को कार्यक्रम आयोजन हेतु पर्दे भेंट कर सहयोग किया।

मुख्य अतिथि एसीबीईओ देवाराम चौधरी ने छात्राओं को बोर्ड परीक्षाओं में शांत चित्त से प्रश्न पत्र हल करने एवं अधिक अंक अर्जित करने के उपयोगी टिप्स दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में छात्राध्यापिका सोनाली, अर्चना एवं वंशिका ने सक्रिय सहयोग किया, जिनका बहुमान पानी की बोतल भेंट कर किया गया।
अतिथियों द्वारा विभिन्न वर्गों में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समस्त छात्राओं के लिए विद्यालय स्टाफ द्वारा अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में बैठक व्यवस्था मैना देवी एवं कमला बाई द्वारा संभाली गई, जबकि मंच संचालन हेमंत दवे एवं कृष्णा शर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों एवं छात्राओं के बीच म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 12 की छात्रा निशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।



