दिव्यांग स्काउट्स ने दिखाया आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकार, सिरियारी में मंडल स्तरीय प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक जारी

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड मंडल मुख्यालय जोधपुर के तत्वावधान में जिला मुख्यालय पाली द्वारा महावीर मूक बधिर संस्थान, सिरियारी में आयोजित पाँच दिवसीय मंडल स्तरीय दिव्यांग स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का सफल संचालन किया जा रहा है। शिविर में जिलेभर से आए दिव्यांग स्काउट्स उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।

जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) गोविन्द मीणा ने बताया कि इस शिविर में कुल 50 दिव्यांग स्काउट्स भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान स्काउट्स को प्रवेश, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सोपान स्काउट पाठ्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें ध्वज लगाना, ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक उपचार, विभिन्न प्रकार की गांठें लगाना तथा स्काउटिंग से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियाँ शामिल हैं।
प्रशिक्षण कार्य स्काउट यूनिट लीडर सुरेश कुमार, मदन मेवाड़ा सहित अन्य अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग स्काउट्स में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक चेतना का विकास करना है।

जिला संगठन आयुक्त (गाइड) डिंपल दवे ने बताया कि शिविर के अंतर्गत दिव्यांग स्काउट्स द्वारा नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से स्काउट्स ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया और समाज में सकारात्मक बदलाव का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह पाँच दिवसीय दिव्यांग स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर कल संपन्न होगा, जिसमें प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।




