google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

दिव्यांग स्काउट्स के हौसलों को मिली नई उड़ान: सिरियारी में पाँच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर संपन्न, गणवेश वितरण व राज्यपाल अवार्ड से सम्मान

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड मंडल मुख्यालय जोधपुर के तत्वावधान में जिला मुख्यालय पाली द्वारा महावीर मूक बधिर विद्यालय, सिरियारी में आयोजित पाँच दिवसीय दिव्यांग स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का आज सफल समापन हुआ। समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा दिव्यांग स्काउट्स को नि:शुल्क गणवेश का वितरण किया गया, जिसे प्राप्त कर स्काउट्स के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।

सीओ स्काउट गोविन्द मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पाँच दिवसीय शिविर में कुल 54 दिव्यांग स्काउट्स ने सहभागिता की। शिविर के दौरान स्काउट्स को प्रवेश, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सोपान स्काउट पाठ्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में ध्वज लगाना, ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक सहायता, गांठें लगाना सहित स्काउटिंग से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि महावीर मूक बधिर विद्यालय, सिरियारी के दिव्यांग स्काउट्स ने राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। गत वर्ष विद्यालय के 5 स्काउट्स को राज्यपाल अवार्ड प्राप्त हुआ था, जबकि इस वर्ष 4 स्काउट्स ने राज्यपाल अवार्ड परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिन्हें आगामी 11 फरवरी को राज्यपाल अवार्ड प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर राज्यपाल अवार्ड प्राप्त स्काउट्स को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया।

स्काउट यूनिट लीडर सुरेश कुमार के निर्देशन में स्काउट्स को प्रार्थना, प्रतिज्ञा, झंडा गीत एवं राष्ट्रगीत के गायन का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में प्रशिक्षक के रूप में मदन मेवाड़ा, पप्पूलाल, गणपत लाल सोनी सहित अन्य प्रशिक्षकों ने सेवाएं प्रदान कीं।

समापन समारोह में जिला प्रशिक्षण आयुक्त प्रकाश चंद्र सिंघाड़िया, सीओ स्काउट गोविन्द मीणा, सीओ गाइड डिंपल दवे, सचिव स्थानीय संघ कंटालिया चुन्नीलाल चौहान, वरिष्ठ स्काउटर गणपत लाल सोनी, व्यवस्थापक ममता मेवाड़ा, मदन मेवाड़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button