विश्व कैंसर दिवस पर पाली में जागरूकता की मिसाल, रैली, रक्तदान शिविर और विशेषज्ञ संगोष्ठी का आयोजन

पाली : विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर बुधवार को पाली शहर सहित जिले भर में कैंसर के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय पर जागरूकता रैली निकाली गई, रक्तदान शिविर लगाया गया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की संगोष्ठी आयोजित कर आमजन को कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
जिला मुख्यालय पर बांगड़ अस्पताल से निकाली गई जागरूकता रैली को राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दिलीप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल, बांगड़ अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. आर.के. बिश्नोई, कैंसर सेल प्रभारी डॉ. विकास जैन सहित कई चिकित्सक व अधिकारी मौजूद रहे। रैली में स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

विश्व कैंसर दिवस पर बांगड़ अस्पताल की एनसीडी सेल में ओपीडी समय के दौरान स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. विकास जैन ने मरीजों की जांच कर परामर्श एवं उपचार दिया। इस दौरान नर्सिंग ऑफिसर सुमन वैष्णव और इंद्रा बावल का सहयोग रहा।
इसी क्रम में बांगड़ अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाजसेवियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मांगीलाल सीरवी ने रक्तदान के महत्व और इसके सामाजिक लाभों की जानकारी दी।
इसके साथ ही बांगड़ अस्पताल के ऑडिटोरियम में भारतीय जैन संघटना पाली चैप्टर की ओर से विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में अतिथि के रूप में अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. आर.के. बिश्नोई एवं एएनएम ट्रेनिंग सेंटर के प्रिंसिपल के. सैनी उपस्थित रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. गौरव कटारिया, डॉ. शारदा तोषनीवाल, डॉ. नुरैन मिर्जा, डॉ. लक्ष्मण सोनी, डॉ. रविंद्रपाल सिंह एवं डॉ. रामनिवास कुमावत ने कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर इसका सफल उपचार संभव है।

इस अवसर पर भारतीय जैन संघटना पाली चैप्टर के डॉ. अमरचंद बोहरा, बसंत सोनी, उषा अखावत, दीपमाला सिंघवी, प्रियंका चोपड़ा, अलका जैन और सनी जैन का विशेष सहयोग रहा।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने कहा कि कैंसर से घबराने की आवश्यकता नहीं है। समय पर जांच, सही उपचार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से तंबाकू व नशीले पदार्थों से दूर रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी संदिग्ध लक्षण पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की। विश्व कैंसर दिवस पर आयोजित इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।



