पाली में पंचायतीराज चुनावों की तैयारी तेज, जिला कलक्टर एलएन मंत्री ने वीसी के जरिए ली अधिकारियों की अहम बैठक

पाली : आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एलएन मंत्री ने बुधवार को जिला कलक्टर कार्यालय के वीसी रूम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय, चुनाव प्रभारी एवं ब्लॉक लेवल अधिकारियों की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं, जिम्मेदारियों और कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर मंत्री ने जिले के सभी उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता सूचियों के अद्यतन, प्रपत्र भरवाने, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में अति संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों का चिन्हीकरण कर सूची तैयार करने, व्हीलचेयर एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करने, जोनल मजिस्ट्रेट की नियुक्ति, कार्मिकों की तैनाती, मीडिया प्रकोष्ठ की सक्रियता, पीओएल, भोजन, आवास एवं पेयजल व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही जिला कलक्टर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं, नामांकन प्रक्रिया, विभिन्न निर्वाचन प्रपत्रों, पोलिंग पार्टियों की व्यवस्थाओं, निर्वाचन स्टोर, टेंडर प्रक्रिया, सार्वजनिक निर्माण विभाग से जुड़े कार्य, जलदाय एवं रसद व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) प्रकोष्ठ, सांख्यिकी सूचनाएं, वार्डवार आरक्षण प्रक्रिया तथा वीडियोग्राफी सहित सभी प्रकोष्ठों की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रभा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसीईओ विशाल सीपा सहित सभी संबंधित विभागों के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।



