ग्राम उत्थान शिविर बने किसानों की उम्मीद, बेड़ा के हमीराराम को मिला फव्वारा संयंत्र का लाभ

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे ग्राम उत्थान शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और खुशहाली का माध्यम बनते जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से किसानों को कृषि सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का हाथोंहाथ लाभ मिल रहा है, जिससे किसानों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ नजर आ रही है।
पाली जिले के बाली उपखंड के गिरदावर सर्किल बेड़ा में गुरुवार को आयोजित ग्राम उत्थान शिविर भी किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हुआ। शिविर में पहुंचे बेड़ा निवासी हमीराराम के चेहरे पर खुशी झलक रही थी। उन्होंने शिविर आयोजन के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
हमीराराम ने बताया कि पूर्व में वे खेतों में क्यारी पद्धति से सिंचाई करते थे, जिससे पानी की अत्यधिक खपत होती थी और समय भी ज्यादा लगता था। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने उद्यान विभाग के कार्मिक दिनेश कुमार से जानकारी प्राप्त कर फव्वारा संयंत्र के लिए आवेदन किया। ग्राम उत्थान शिविर के दौरान उन्हें 18 हजार रुपये की स्वीकृति जारी की गई।
फव्वारा संयंत्र मिलने से अब खेतों में सिंचाई आसान हो गई है, श्रम में कमी आई है और पानी की बचत के साथ फसल उत्पादन में वृद्धि होगी। साथ ही कम पानी में अधिक क्षेत्र में खेती संभव हो सकेगी। इस लाभ के लिए हमीराराम ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित संबंधित अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।



