पाली में विमुक्त व घुमंतू समुदाय की बालिकाओं के लिए बड़ी सौगात, 18.95 करोड़ से बनेगा आवासीय विद्यालय

पाली : पाली जिले के सुमेरपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिंदरू में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध-घुमंतू समुदायों की बालिकाओं के लिए आधुनिक आवासीय विद्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा। शनिवार को पशुपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कुमावत ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के वंचित वर्गों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। इसी उद्देश्य से विशेष आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं, ताकि ये बालिकाएं मुख्यधारा की शिक्षा से जुड़ सकें।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बजट वर्ष 2024-25 में इस आवासीय विद्यालय भवन के निर्माण की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अनुशंसा पर इस परियोजना के लिए 18.95 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई, जिसके बाद अब निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है।
275 बालिकाओं को मिलेगा निःशुल्क शिक्षा, भोजन व आवास
मंत्री कुमावत ने कहा कि इस आवासीय विद्यालय में देवासी, गाडोलिया लोहार, बंजारा, कालबेलिया, जोगी, सांसी सहित अन्य समुदायों की लगभग 275 बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा, आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस विद्यालय
विद्यालय परिसर में 7 कक्षा कक्ष, एक विशाल सभागार, खेल मैदान, वाटर कूलर, बोरवेल व ओवरहेड टैंक, बिजली एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था, छात्राओं के लिए निःशुल्क सैनेटरी पैड सुविधा जैसी सभी आवश्यक एवं आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंत्री कुमावत ने कहा कि यह आवासीय विद्यालय बालिका शिक्षा को मजबूती देने और सामाजिक समानता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।



