पाली में दिल दहला देने वाली घटना: नई टैक्सी की खराबी और सर्विस सेंटर की अनदेखी से टूटे युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास

पाली (राजस्थान) : पाली जिले के सुमेरपुर क्षेत्र के बिसलपुर गांव में रोजगार के लिए खरीदी गई नई टैक्सी में लगातार आ रही तकनीकी खराबी और सर्विस सेंटर से समाधान नहीं मिलने से परेशान एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास कर लिया। घटना रविवार शाम करीब 5 बजे की है। युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय हंसमुख पुत्र आसूराम ने परिवार की आजीविका के लिए किश्तों पर नई टैक्सी खरीदी थी। कुछ समय बाद टैक्सी में गंभीर तकनीकी खामी आ गई और वाहन अत्यधिक मात्रा में ऑयल खाने लगा। युवक ने कई बार सर्विस सेंटर में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
बताया गया है कि टैक्सी को करीब एक महीने तक सर्विस सेंटर में रखा गया, जिससे हंसमुख का रोजगार भी पूरी तरह ठप हो गया। इसके बावजूद वाहन की खराबी दूर नहीं हुई। जब युवक ने दोबारा शिकायत की तो उसे जोधपुर स्थित सर्विस सेंटर भेजने की बात कही गई। लगातार आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव के चलते युवक पूरी तरह टूट गया।

रविवार शाम मानसिक दबाव में आकर युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग लगते ही वह चिल्लाते हुए घर से बाहर दौड़ा। परिजनों और मोहल्लेवासियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और उसे तुरंत सुमेरपुर अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया और हालत गंभीर होने पर जोधपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया है।
पीड़ित हंसमुख ने बताया कि उसने 30 मई 2025 को सुमेरपुर से टैक्सी खरीदी थी, जिसकी 8751 रुपये मासिक किश्त 48 महीनों तक चुकानी थी। टैक्सी से वह अच्छी आय अर्जित कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था, लेकिन तकनीकी खराबी ने उसका जीवन संकट में डाल दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सर्विस सेंटर की भूमिका और तकनीकी शिकायतों की भी जांच कर रही है।



