google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

33 साल बाद फिर लौटेगा श्रीनिंबेश्वर महादेव पशु मेला, सांडेराव में 13 से 17 फरवरी तक होगा भव्य आयोजन

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत की पहल पर पाली जिले की सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के सांडेराव में ऐतिहासिक श्रीनिंबेश्वर महादेव पशु मेला 33 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पुनः आयोजित किया जाएगा। यह पांच दिवसीय पशु मेला 13 से 17 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा, जिसकी तैयारियों में जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग पूरी तरह जुट गया है।

करीब 50 बीघा भूमि पर आयोजित होने वाले इस मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए पशुपालन विभाग सहित 17 विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तैयारियों की समीक्षा के लिए राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मेला स्थल पर पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री कुमावत ने बताया कि मेले में पशुपालकों के लिए पानी, बिजली, पशु चिकित्सा, टीकाकरण एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए पशुपालन विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पशुपालकों के ज्ञानवर्धन हेतु प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि भारत की बड़ी आबादी आज भी खेती और पशुपालन पर निर्भर है। ऐसे में पशुपालकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस पशु मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में गाय, भैंस, बकरी, ऊंट, घोड़े सहित अन्य पशुओं की खरीद-फरोख्त की जाएगी। पशुपालकों को यहां उन्नत नस्लों के पशु खरीदने-बेचने का अवसर मिलेगा, वहीं पशुओं की कीमतें भी अपेक्षाकृत कम रखी जाएंगी ताकि अधिक से अधिक पशुपालक मेले तक पहुंच सकें।

मंत्री कुमावत ने बताया कि मेले में पशुओं की देखरेख, खान-पान से जुड़ी सामग्री, ग्रामीण कला, कृषि उपकरणों की बिक्री के साथ-साथ किसानों को खेती की नई तकनीकों से भी रूबरू कराया जाएगा। यह पशु मेला कला, संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित होगा, जिससे विदेशी पर्यटकों को भी भारत की ग्रामीण सभ्यता और संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर मंत्री कुमावत ने पशु मेले के पोस्टर और बैनर का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में पाली डेयरी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, श्रीनिंबेश्वर महादेव ट्रस्ट सांडेराव के अध्यक्ष जगत सिंह, सुमेरपुर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी नरपत सिंह, पशुपालन विभाग पाली के संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज पंवार, तखतगढ़ के नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार, डीवाईएसपी जितेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button