जिला कारागृह पाली का आकस्मिक निरीक्षण, 78 बंदियों से की गई सीधी बातचीत

पाली : माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी द्वारा सोमवार को जिला कारागृह, पाली का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कारागृह में कुल 78 बंदी निरुद्ध पाए गए। सचिव भाटी ने बंदियों से प्रत्यक्ष संवाद कर कारागृह में उपलब्ध भोजन, चिकित्सीय सुविधाएं, पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी देते हुए बताया कि कोई भी बंदी निजी अधिवक्ता नियुक्त करने में असमर्थ होने के कारण बिना कानूनी सहायता के कारागृह में निरुद्ध न रहे। उन्होंने ऐसे बंदियों की भी जानकारी ली जिनकी जमानत स्वीकृत होने के बावजूद वे कारागृह में निरुद्ध हैं तथा उन्हें उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
सचिव भाटी ने बंदियों से उनकी व्यक्तिगत एवं कानूनी समस्याओं के बारे में चर्चा की। साथ ही नवआगंतुक बंदियों से बातचीत कर घटना अथवा आरोपित अपराध के समय उनकी आयु से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण में बताया गया कि सभी बंदियों की नियमित रूप से ओपीडी समय में स्वास्थ्य जांच की जाती है तथा आपातकालीन स्थिति में उन्हें राजकीय बांगड़ अस्पताल, पाली रेफर किया जाता है।
इस अवसर पर जोराराम कुमावत (कारापाल, जिला कारागृह पाली), रविंद्र परिहार (मेल नर्स, जेल डिस्पेंसरी पाली), अल्ताफ हुसैन (सहायक जेल विजिटिंग लॉयर) एवं इंटर्नशिप हेतु आए विधि विद्यार्थी पुनित गोरा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




