वार्ड 37 में आवारा कुत्तों का कहर: सैकड़ों की संख्या में झुंड, नागरिकों का नगर निगम पर जोरदार प्रदर्शन

पाली : शहर के मध्य स्थित वार्ड नंबर 37 में आवारा कुत्तों का आतंक अब गंभीर समस्या बन चुका है। क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में घूम रहे कुत्तों और लगातार बढ़ रही डॉग बाइट की घटनाओं से परेशान नागरिकों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा।
वार्ड पार्षद विकास बुबकिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वार्डवासी नगर निगम पहुंचे और निगम प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ज्ञापन सौंपने से पूर्व नागरिकों ने निगम परिसर में धरना देकर चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
पार्षद विकास बुबकिया ने बताया कि वार्ड 37 के डेण्डों का बास, समेगियों की पाटी, डागा गली, घाणेराव की गली, नाइयों की ढाल, देरासर गली, नारेलो की पोल, उदयपुरिया बाजार, सेठों का बास, गुंदोचिया का बास, बागर मोहल्ला सहित पूरे क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं।

स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि रात के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चे और बुजुर्ग भय के साये में जी रहे हैं। कई नागरिकों को कुत्तों ने काट भी लिया है, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि कुत्तों की गंदगी से क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है।
धरना-प्रदर्शन के बाद नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज को ज्ञापन सौंपा गया। आयुक्त ने आवारा कुत्तों को पकड़ने का आश्वासन दिया, लेकिन नागरिकों ने स्पष्ट कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल और स्थायी समाधान चाहिए। नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो नगर निगम के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में महावीर बोहरा, अंकित संकलेचा, विकास मेहता, मुकेश मोदी, पुलकित, विमल मुथा, अरिहंत, दर्पण रोमिल, योगेंद्र लोढ़ा, सुनील डड्ढा, धर्मेश गेमावत, जयप्रकाश सलेचा, दर्पण मुथा, गौरव चोपड़ा, कमल किशोर, प्रवीण बोहरा, प्रकाश बोहरा, भरत मंडोरा, नरेश मुथा, दीपक मेहता, धीरज पारख सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।



