पाली जिले के 575 स्काउट-गाइड को राज्यपाल अवार्ड, 3 पदाधिकारियों को ‘धन्यवाद बैज’ से सम्मानित

पाली। राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड संगठन में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले पदाधिकारियों और राज्यपाल अवार्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजरों को जयपुर में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय समारोह में महामहिम राज्यपाल के मुख्य आतिथ्य में सम्मानित किया गया। राज्य प्रशिक्षण केंद्र, जगतपुरा (जयपुर) में आयोजित राज्य पुरस्कार समारोह एवं अवार्ड रैली कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित प्रतिभागियों को मेडल ऑफ मेरिट, बार टू मेडल ऑफ मेरिट, धन्यवाद बैज तथा राज्यपाल पुरस्कार प्रदान किए गए।
पाली जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन
सीओ स्काउट गोविंद मीणा ने बताया कि सत्र 2025-26 में पाली जिले से विभिन्न विद्यालयों के कुल 575 संभागियों ने राज्यपाल अवार्ड परीक्षा उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया। इनमें 352 स्काउट, 182 गाइड, 26 रोवर, 15 रेंजर शामिल हैं।

इन सभी को महामहिम राज्यपाल के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
राज्य स्तरीय समारोह में पाली जिला मुख्यालय से चयनित प्रतिभागियों ने भी भाग लेकर सीधे राज्यपाल से पुरस्कार प्राप्त किए। इनमें भारतीय बाल निकेतन सेकेंडरी स्कूल, पाली के स्काउट कुशाल, मोहित, महिपाल और मुकेश गुर्जर, सूरज शिक्षण संस्थान सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पाली की गाइड किंजल पटेल और जया गुर्जर, मारवाड़ ओपन रेंजर टीम की रेंजर नम्रता पटेल, एसडीएससी बादमिया कॉलेज वरकाना के रोवर मानाराम गरासिया एवं हिमांशु शामिल रहे। अन्य संभागियों की उपस्थिति ने समारोह को गौरवपूर्ण बना दिया।
निस्वार्थ सेवाओं के लिए 3 पदाधिकारी सम्मानित
सीओ गाइड डिंपल दवे ने बताया कि संगठन में यूनिट लीडर के रूप में जुड़कर विभिन्न पदों पर रहकर निरंतर सेवाएं देने, जिला मुख्यालय व प्रशिक्षण केंद्र के भौतिक विकास में सहयोग तथा दीर्घकालीन मानद सेवाओं के फलस्वरूप जिले के तीन वरिष्ठ पदाधिकारियों को ‘धन्यवाद बैज’ से सम्मानित किया गया।

सम्मानित पदाधिकारियों में— सहायक स्टेट कमिश्नर गाइड एवं सेवानिवृत्त अतिरिक्त निदेशक नूतन बाला कपिला, सेवानिवृत्त उपनिदेशक शिक्षा विभाग एवं वर्तमान जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट प्रकाश चंद्र सिंघाड़िया, स्थानीय संघ कंटालिया के सचिव चुन्नीलाल चौहान शामिल हैं। इन सभी को महामहिम राज्यपाल के करकमलों से सम्मान प्रदान किया गया।
जिले में हर्ष का माहौल
पाली जिले से 575 स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर को राज्यपाल अवार्ड तथा 3 पदाधिकारियों को धन्यवाद बैज मिलने पर पूरे जिले के स्काउट-गाइड परिवार में हर्ष और उल्लास का माहौल है। जिले के विभिन्न पदाधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों ने सम्मानित प्रतिभागियों और लीडर्स को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि पाली जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों की मजबूती और युवाओं में सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व विकास की निरंतर बढ़ती भावना का प्रमाण मानी जा रही है।




