google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

रोहट में सड़क सुरक्षा जनजागरण अभियान: स्कूली विद्यार्थियों को दिलाई नियम पालन की शपथ, दुर्घटनाओं पर अंकुश का संदेश

रोहट। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान के तहत रोहट क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपखंड अधिकारी रोहट पूरन कुमार के निर्देशानुसार तथा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जयदेव चारण और सरपंच भरत पटेल के मार्गदर्शन में वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट (जोधपुर–पाली राष्ट्रीय राजमार्ग) के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय निम्बली ब्राह्मणन एवं निम्बली पटेलान में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में निर्मला बिश्नोई और सुमन देवी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों की पहचान, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा और पैदल यात्री सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह नियमों का पालन करे।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित सीएसआर एवं सुरक्षा प्रबंधक फिरोज़ खान ने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाएँ समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कर ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने अभिभावकों व आमजन को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएं।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम विद्यालयों और ग्राम पंचायत स्तर पर निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आमजन में नियमों के प्रति सजगता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। कार्यक्रम में शिक्षक विकास वशिष्ठ, राहुल चारण, अंकित कुमार किरण और मंजू गुर्जर सहित विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। रोहट क्षेत्र में चलाया जा रहा यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button