पाली में सुरक्षित मातृत्व की मिसाल: उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 12 चिकित्सा संस्थान सम्मानित

पाली : गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले चिकित्सा संस्थानों को शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य भवन में सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में 12 चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सा अधिकारियों को सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ. मारवाल ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व सेवाएं उपलब्ध कराना और सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 9, 18 और 27 तारीख को जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि जून 2016 में अभियान शुरू होने के बाद से प्रदेश में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। अभियान के तहत उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान, उपचार और नियमित फॉलोअप पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सा संस्थानों को विभिन्न श्रेणियों — अधिकतम लाभार्थी पंजीकरण, 12 सप्ताह पूर्व पंजीयन, चार या उससे अधिक प्रसव पूर्व जांच तथा उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं के चिन्हिकरण — में श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया।

सम्मानित संस्थानों में जिला अस्पताल सोजत, उप जिला अस्पताल सुमेरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी, सादड़ी, कोसेलाव, सांडेराव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोडिया, चामुंडेरी, चांचोड़ी, अटबड़ा, सारण तथा राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टैगोर नगर शामिल रहे।
कार्यक्रम में बांगड़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार, एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीतकुमार गुर्जर, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग, आरसीएचओ डॉ. विजेन्द्रपाल सिंह चूंडावत, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. उजमा जबीन सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य अधिकारी, बीसीएमओ, बीपीएम और चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे। समारोह ने सुरक्षित मातृत्व की दिशा में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूती से रेखांकित किया।




