मारवाड़ जंक्शन के 25 स्कूलों को मिले फीफा फुटबॉल — जोजावर नवोदय में खेल प्रोत्साहन का बड़ा आयोजन

पाली : खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों में फिटनेस व अनुशासन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय जोजावर के बहुउद्देश्यीय कक्ष में फीफा फुटबॉल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के 25 विद्यालयों के प्राचार्य, शारीरिक शिक्षक और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महावीर सिंह जोधा रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में विभिन्न विद्यालयों से आए प्राचार्यों एवं शिक्षकों का नामांकन किया गया, जिसके बाद समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।
विद्यालय के प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल जीवन का अनिवार्य हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भारत ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में अपनी सशक्त पहचान बनाई है।

इस अवसर पर रा.उ.मा.वि. चौकड़िया के प्राचार्य देवेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई योजनाओं ने भारत की वैश्विक पहचान को मजबूत किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए छात्र-छात्राओं ने संगीतमय धुन पर योग प्रदर्शन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि जोधा ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान निर्धारित योजना के तहत क्षेत्र के 25 विद्यालयों को फीफा फुटबॉल वितरित किए गए। अंत में प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शारीरिक शिक्षक मोहन लाल बेड़ा ने किया। यह आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



