पाली में भ्रूण लिंग जांच पर सख्ती, 17 फरवरी तक चलेगा विशेष निरीक्षण अभियान

पाली : जिले में भ्रूण लिंग जांच पर रोक को प्रभावी बनाने के लिए चिकित्सा विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य भवन में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों को PCPNDT Act की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पीसीपीएनडीटी पीबीआई जयपुर से आए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हेमंत जाखड़ ने कहा कि जिले में संचालित सोनोग्राफी केंद्रों का नियमित निरीक्षण और सख्त मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण कानूनन अपराध है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर 2 फरवरी से 17 फरवरी तक गहन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अधिक से अधिक सोनोग्राफी केंद्रों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. जाखड़ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी केंद्र पर भ्रूण लिंग जांच की जानकारी मिले तो इसकी शिकायत तुरंत 9799997795 या टोल फ्री हेल्पलाइन 104 व 108 पर दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही मुखबिर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और डिकॉय कार्रवाई को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. मारवाल ने जिले में भ्रूण लिंग जांच रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और अधिकारियों को अभियान को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वेदांत गर्ग, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीत कुमार गुर्जर, जिला कार्यक्रम समन्वयक महेश कुमार पंवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी भवानी सिंह, जिला लेखा प्रबंधक प्रवीण राणासरिया सहित सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक मौजूद रहे। बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि भ्रूण लिंग जांच जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



