हाईफा हीरो मेजर दलपतसिंह शेखावत के पैनोरमा की मांग को मिला समर्थन, रावणा राजपूत समाज में जश्न

पाली : रावणा राजपूत समाज के वीर सपूत और मेजर दलपतसिंह शेखावत की स्मृति में उनके पैतृक गांव में पैनोरमा निर्माण की मांग को लेकर राजनीतिक स्तर पर पहल होने के बाद समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। मारवाड़ जंक्शन के विधायक केसाराम चौधरी द्वारा विधानसभा में इस मांग को उठाए जाने पर शुक्रवार शाम समाज की ओर से भव्य आतिशबाजी कर आभार व्यक्त किया गया।
मीडिया प्रभारी विक्रमसिंह परिहार ने बताया कि समाज के जिलाध्यक्ष परमेंद्र सिंह परिहार के निर्देशन में जिले के सभी उपखंड एवं तहसील स्तर पर जश्न मनाया गया।

जिलाध्यक्ष परिहार ने कहा कि लंबे समय से समाज की मांग रही है कि हाईफा के वीर नायक मेजर दलपतसिंह शेखावत के पैतृक गांव में उनका पैनोरमा बनाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके शौर्य और बलिदान से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने विधायक केसाराम चौधरी द्वारा सदन में इस मांग को प्रभावी ढंग से उठाने पर समाज की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा सत्र की समाप्ति के बाद समाज का प्रतिनिधिमंडल विधायक के निवास पर जाकर उनका भव्य स्वागत करेगा।
इस अवसर पर समाज के संरक्षक मूल सिंह भाटी, पूर्व जिलाध्यक्ष मूलसिंह गहलोत, महिला जिलाध्यक्ष सिंधू कंवर, मनोहर सिंह केसावत सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



