पाली में ‘कलेजे का टुकड़ा’ का भव्य प्रीमियर: नए कलाकारों की फिल्म ने दिया माता-पिता सम्मान का संदेश

पाली : स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजपुरोहित प्रोडक्शन के बैनर तले बनी हिंदी फिल्म कलेजे का टुकड़ा का भव्य प्रीमियर पाली स्थित श्री राम वाटिका में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, विशिष्ट अतिथि और फिल्म से जुड़े कलाकार उपस्थित रहे।
निर्माता-निर्देशक गजेन्द्र सिंह मण्डली के निर्देशन में बनी इस फिल्म की खास बात यह है कि इसमें पूरी तरह नए स्थानीय कलाकारों को मौका दिया गया है। फिल्म की शूटिंग पाली शहर सहित ढालोप, रानी, खुण्डावास, गाजन माता मंदिर और भगानाडा मंदिर जैसे रमणीय स्थलों पर की गई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। फिल्म के बारे में जानकारी देते हुए प्रबल सिंह मण्डली ने बताया कि इसमें चार अलग-अलग भावनात्मक गीत शामिल हैं। फिल्म का संगीत गजेन्द्र सिंह मण्डली और राजकुमार वैष्णव ने तैयार किया है, जबकि सिनेमेटोग्राफी और एडिटिंग का जिम्मा प्रबल सिंह मण्डली ने संभाला है।
प्रीमियर समारोह में मुख्य अतिथि मगराज जैन, जगदीशानंद महाराज, जबरसिंह राजपुरोहित और राकेश भाटी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान निर्माता-निर्देशक गजेन्द्र सिंह मण्डली ने फिल्म के उद्देश्य और कलाकारों का परिचय देते हुए बताया कि फिल्म का मुख्य संदेश माता-पिता की सेवा, सम्मान और उनके आशीर्वाद के महत्व को दर्शाना है।

फिल्म प्रदर्शन के बाद दर्शकों ने इसकी सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया और माता-पिता के सम्मान का संकल्प लिया। अतिथियों ने भी फिल्म की पूरी टीम को सामाजिक संदेश देने के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर फिल्म से जुड़े कलाकारों — ऋतुराज राठौड़, निमिषा बारोट, खुशबू चौहान, राधेश्याम भाटी, ताड़केश्वर शुक्ला, रतनलाल कुमावत, किशनलाल सैन, कुंदन सिंह राजपुरोहित सहित कई कलाकार मौजूद रहे। भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा और साफा पहनाकर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। फिल्म का संदेश स्पष्ट रहा — माता-पिता का सम्मान ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।




