google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जाड़न के ओम आश्रम में महाशिवरात्रि पर पूरी रात गूंजा “हर-हर महादेव”, चार प्रहर अभिषेक से बना शिवमय माहौल

पाली : पाली जिले के जाड़न स्थित ओम आश्रम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरी रात चले धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान चारों प्रहर में भगवान शिव का विधि-विधान से विशेष अभिषेक किया गया।

श्रद्धालुओं ने जल, दूध, दही, शहद और बिल्व पत्र अर्पित कर भोलेनाथ की आराधना की। पूरी रात्रि जागरण करते हुए भक्तों ने मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और ध्यान-साधना में भाग लिया। आश्रम परिसर पूज्य स्वामी अवतार पुरी जी महाराज के सान्निध्य में शिवमय वातावरण से सराबोर रहा।

इस अवसर पर स्वामी महेश्वरानंद पुरी महाराज के सान्निध्य ने आयोजन को और भी दिव्य बना दिया। स्वामी अवतार पुरी जी ने गुरुचरणों में पुष्पमाला अर्पित कर आशीर्वाद लिया तथा मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कर विशेष प्रार्थना की। दोनों संतों ने गुरु परंपरा स्थल पर भी नमन किया, जहां बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया।

आश्रम परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान रहा। देश-विदेश से पहुंचे भक्तों की उपस्थिति ने आयोजन को एक भव्य आध्यात्मिक उत्सव का रूप दे दिया।

प्रातःकालीन महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। आश्रम प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में संस्कार और सद्भाव का संदेश देने का संकल्प दोहराया।

अपने संदेश में स्वामी अवतार पुरी जी ने कहा कि महाशिवरात्रि पर गुरु का सान्निध्य साधक और शिव के बीच जीवंत सेतु का कार्य करता है, जिससे आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button