पाली प्रेस क्लब मीडिया गैलरी का लोकार्पण: सांसद मदन राठौड़ बोले – मजबूत मीडिया ही समाज का सच्चा आईना

पाली : पाली दौरे पर पहुंचे राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पाली प्रेस क्लब की मीडिया गैलरी में नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर सांसद राठौड़ ने मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसका मजबूत होना समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। मीडिया न केवल समाज की अच्छाइयों और कमियों को सामने लाता है, बल्कि सकारात्मक बदलाव का माध्यम भी बनता है। उन्होंने कहा कि मीडिया को यथार्थ चित्रण के साथ सकारात्मक पहलुओं को भी प्रमुखता देनी चाहिए, ताकि समाज में रचनात्मक परिवर्तन आए।

सांसद ने कहा कि उन्हें हमेशा पाली की मीडिया से सीखने को मिला है और वे मीडिया के सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। भविष्य में भी विकास कार्यों के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन उन्होंने दिया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री, डीआईजी आदर्श सिंधू, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, आईएएस बिरजू गोपाल, एसडीएम विमलेन्द्र सिंह राणावत, सहायक निदेशक जनसम्पर्क सौरभ सिंगारिया और नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान वरिष्ठ पत्रकार कृपा शंकर त्रिवेदी, ओम चतुर्वेदी, अरुण जोशी, धर्मेन्द्र वैष्णव, कन्नु भीलवाड़ा और छगनलाल भारद्वाज को साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री और पुलिस अधीक्षक आदर्श सिंधू ने मीडिया गैलरी के नवीनीकरण कार्य की सराहना की।
समारोह में बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि, संपादक, पत्रकार और जनसम्पर्क विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संदीप राठौड़ ने किया।




