संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह का पाली जिला कारागृह पर औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष; रिक्त पदों को लेकर उठी चिंता

पाली : संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने बुधवार को पाली जिला कारागृह का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारागृह परिसर एवं बैरकों में साफ-सफाई की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया।
उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, सामान्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ विचाराधीन बंदियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, चिकित्सीय सुविधा, पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर कारापाल जोराराम कुमावत ने कारागृह में स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाते हुए बताया कि वर्तमान में स्वीकृत 25 पदों में से 6 पद रिक्त हैं, जिसके कारण मौजूदा कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है। उन्होंने रिक्त पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने यह भी बताया कि कारागृह के मुख्य द्वार से लेकर पूरे परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और निगरानी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रहरी गुलाबराम कडेला, बाहरी सुरक्षा जाप्ता प्रभारी शिव नारायण, प्रहरी योगेन्द्र सिंह, बजरंग लाल, जयराम तथा प्रियंका चौधरी सहित अन्य कारागृह कर्मी उपस्थित रहे।



