डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारी तेज, पाली में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

पाली : भारत की पहली डिजिटल जनगणना 2027 के प्रथम चरण — मकानों की गणना एवं मकान सूचीकरण — की तैयारियों को लेकर पाली जिले में प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला, तहसील एवं नगर चार्ज के नियमित सहायकों के लिए 16 से 18 फरवरी तक जिला कलेक्ट्रेट सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना कार्य को पूर्ण गंभीरता, सतर्कता और समयबद्ध तरीके से सम्पन्न करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में जनगणना कार्य निदेशालय राजस्थान के दक्ष प्रशिक्षक दिनेश कुमार रेगर (सहायक निदेशक) एवं करण यादव (डीपीए ग्रेड-ए) ने प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित डिजिटल प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसमें CMMS जनगणना पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल डेटा संग्रहण, HLBC वेब पोर्टल द्वारा हाउस लिस्टिंग ब्लॉक निर्धारण, फील्ड ट्रेनर, प्रगणक एवं सुपरवाइजर की नियुक्ति प्रक्रिया, डिजिटल मॉनिटरिंग, रिपोर्टिंग प्रणाली तथा स्व-गणना पोर्टल के उपयोग की जानकारी शामिल रही।

जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह तथा उप जिला जनगणना अधिकारी राजेन्द्र कुमार टांक ने भी नियमित सहायकों को जनगणना से जुड़े कार्यों के प्रति जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग राजेश चौधरी तथा सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रकाश डाबी सहित जनगणना चार्ज अधिकारियों के नियमित सहायक उपस्थित रहे।
उप जिला जनगणना अधिकारी राजेन्द्र कुमार टांक ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत जिला, तहसील एवं नगर निकायों के जनगणना चार्ज अधिकारियों एवं अतिरिक्त जनगणना अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण 19 एवं 20 फरवरी को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया जाएगा।



