google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारी तेज, पाली में चार्ज अधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण शुरू

पाली : भारत की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन की दिशा में पाली जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकान गणना—के लिए चार्ज अधिकारियों (तहसीलदार, आयुक्त एवं अधिशाषी अधिकारी) का दो दिवसीय फील्ड प्रशिक्षण बुधवार से जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शुरू हुआ।

जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बताया कि आगामी जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से सम्पन्न होगी। उन्होंने चार्ज अधिकारियों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना इस प्रक्रिया की सफलता की कुंजी होगी।

उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना के प्रथम चरण में 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक मोबाइल एप के माध्यम से घर-घर जाकर वास्तविक फील्ड डाटा संग्रहण करेंगे। वहीं, देश में पहली बार आमजन को भी स्व-गणना की सुविधा दी जा रही है, जिसके तहत 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक स्वयं अपने मोबाइल के माध्यम से मकान सूचीकरण एवं मकान गणना से संबंधित जानकारी स्व-गणना पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे।

प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, उप जिला जनगणना अधिकारी राजेंद्र कुमार टांक, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश चौधरी, जिला सूचना-विज्ञान अधिकारी कपिल उज्वल एवं सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रकाश डाबी उपस्थित रहे।

जनगणना निदेशालय के प्रशिक्षकों उपनिदेशक संतोष कुमार एवं सांख्यिकी अन्वेषक आयुषी शर्मा ने प्रतिभागियों को जनगणना पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल डाटा संग्रहण, HCB वेब पोर्टल के जरिए हाउस लिस्टिंग ब्लॉक निर्धारण, फील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर और प्रगणकों की नियुक्ति प्रक्रिया, डिजिटल मॉड्यूल, रिपोर्टिंग प्रणाली तथा स्व-गणना पोर्टल के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।

उप जिला जनगणना अधिकारी राजेंद्र कुमार टांक ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन के लिए यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे चार्ज अधिकारियों को डिजिटल फील्ड प्रक्रिया को समझने और प्रभावी रूप से लागू करने में सहायता मिलेगी।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button