पाली में अवैध गैस रिफिलिंग पर सख्ती, सोजत में छापेमारी, 6 घरेलू सिलेंडर जब्त

पाली : खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देश पर पाली जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अब तेज़ हो गया है। इसी क्रम में जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार के नेतृत्व में गठित संयुक्त जांच दल ने बुधवार को जिलेभर में सघन कार्रवाई करते हुए 10 प्रतिष्ठानों, दुकानों और गोदामों की जांच की।
जांच के दौरान सोजत सिटी के मोड़ भट्टा स्थित जगदम्बा टी स्टॉल एवं मेहंदी सेंटर पर अवैध गैस रिफिलिंग का मामला सामने आया। यहां से 3 घरेलू गैस सिलेंडर और एक गैस भरने की नली जब्त की गई।

इसके अलावा सांडिया (तहसील सोजत) स्थित जम्मू पंजाब होटल में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। कार्रवाई करते हुए यहां से भी 3 घरेलू गैस सिलेंडर और एक भट्टी जब्त की गई। इन मामलों में दोषियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार ने स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दुकानों, प्रतिष्ठानों, गोदामों और गैस एजेंसियों पर नियमित जांच की जाएगी ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। संयुक्त जांच दल में प्रवर्तन अधिकारी जितेन्द्र सिंह आशिया और प्रवर्तन निरीक्षक भरत कुमार भी शामिल रहे।



