भविष्य की तैयारी की ओर कदम: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पाली में विद्यार्थियों को मिला कैरियर, जीवन कौशल और पर्यावरण जागरूकता का विशेष मार्गदर्शन

पाली : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पाली में कक्षा 6 से 11 तक के विद्यार्थियों के लिए पीएम श्री योजना के अंतर्गत कैरियर मार्गदर्शन, 21वीं सदी के अधिगम एवं जीवन कौशल तथा हरित विद्यालय जागरूकता विषयों पर विशेष सत्रों का आयोजन किया गया। इस व्यापक कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक रूप से तैयार करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता, वन संरक्षण, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य, अंग्रेज़ी संप्रेषण कौशल, प्रभावी अधिगम तकनीक और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ के रूप में डॉ. मोनू कल्ला (काउंसलर एवं कम्युनिकेशन विशेषज्ञ), सुश्री निकिता पुरोहित (मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ एवं काउंसलर) तथा श्री प्रीतम सिंह (आईटी विशेषज्ञ) उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं क्षमताओं के अनुरूप कैरियर चयन, लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया।
अंग्रेज़ी संप्रेषण कला पर आयोजित विशेष सत्र में विद्यार्थियों को प्रभावी संवाद, प्रस्तुतीकरण क्षमता और व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य एच. एल. मीणा के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत आयोजित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विषय विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा इसे अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।



