जोजावर में लगा फूड लाइसेंस कैंप: 52 खाद्य कारोबारियों को मौके पर ही जारी हुए अनुज्ञापत्र

पाली : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से फूड लाइसेंस शिविरों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को जोजावर कस्बे के बस स्टैंड पर विशेष फूड लाइसेंस कैंप आयोजित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर टी. शुभमंगला के निर्देशन में आयोजित किया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप सिंह यादव एवं सुरेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में 52 खाद्य व्यवसायियों को मौके पर ही खाद्य अनुज्ञापत्र जारी कर सुपुर्द किए गए। शिविर के दौरान खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस प्रक्रिया एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर सूचना सहायक जसपाल सिंह, ओमप्रकाश प्रजापत तथा लक्ष्मण दान चारण भी उपस्थित रहे।
सीएमएचओ डॉ. मारवाल ने जिले के सभी खाद्य विक्रेताओं से अपील की है कि जिनके पास अभी तक खाद्य अनुज्ञापत्र नहीं है, वे शीघ्र अपना लाइसेंस बनवाएं, ताकि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।



