तखतगढ़ में अवैध कपड़ा रंगाई संयंत्र पर दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई, मशीनें जब्त — रासायनिक पानी से सिंचाई का मामला उजागर

तखतगढ़ : प्रशासन ने पर्यावरण एवं कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध कपड़ा रंगाई एवं धुलाई संयंत्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दूसरे दिन भी भाचुंदा सरहद क्षेत्र में अभियान जारी रखा।
उप तहसीलदार जीतेन्द्र बबेरवाल के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए टीम ने कृषि कुएं पर संचालित अवैध संयंत्र को ध्वस्त किया। मौके पर कपड़ा धोने की होदियों को तोड़ा गया तथा दो मशीनों से जुड़ी विद्युत मोटर एवं रोलर जब्त किए गए।

यह कार्रवाई सुमेरपुर उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार के निर्देश पर की गई। जांच के दौरान सामने आया कि पाली स्थित एक फैक्ट्री से ट्रक के माध्यम से कपड़ा लाकर यहां धुलाई एवं रंगाई की जा रही थी।
मामले का गंभीर पहलू तब सामने आया जब रासायनिक मिश्रित रंगीन पानी से गेहूं की फसल की सिंचाई किए जाने की जानकारी मिली। प्रारंभिक जांच में करीब 300 बीघा भूमि में रंगीन रासायनिक पानी से सिंचाई किए जाने की आशंका जताई गई है।

प्रशासन ने संयंत्र पर अवैध विद्युत कनेक्शन भी काट दिया है। अब रासायनिक पानी से प्रभावित गेहूं की फसल को लेकर आगे की कार्रवाई हेतु कार्ययोजना तैयार की जा रही है। प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध औद्योगिक गतिविधियों के खिलाफ सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।



