भगवान भास्कर मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की घोषणा, 4 से 8 फरवरी 2027 तक होगा पांच दिवसीय भव्य आयोजन

पाली : खैरवा रोड स्थित भास्कर विहार, आकेली चौराहा में निर्माणाधीन भगवान भास्कर मंदिर में प्रस्तावित प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की औपचारिक घोषणा स्नेह मिलन समारोह के माध्यम से की गई। यह धार्मिक आयोजन 4 फरवरी से 8 फरवरी 2027 तक पांच दिवसीय भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की घोषणा देश के प्रमुख भामाशाह सुनील शर्मा तथा आयोजनकर्ता बसंत शर्मा द्वारा की गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय प्रमुख सुनील शर्मा, दैनिक भास्कर के नेशनल पॉलिटिकल चीफ एडिटर कुलदीप व्यास, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख एवं महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष किशोर शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
देश के विभिन्न शहरों — बेंगलुरु, चेन्नई, रायपुर, पुणे, शिरडी, जोधपुर, सोजत, मेड़ता, ब्यावर सहित अन्य स्थानों से समाज प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने समारोह में भाग लेकर आयोजन को व्यापक समर्थन दिया।

पाली के प्रबुद्ध नागरिकों, भास्कर विहार के निवासियों, आकेली एवं आसपास के ग्रामवासियों सहित सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई।
आयोजनकर्ता बसंत शर्मा ने समाजबंधुओं, युवाओं एवं महिलाओं से आह्वान किया कि वे आगामी प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए आयोजन समितियों से जुड़कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से इस धार्मिक आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर इसे एक विशाल एवं प्रेरणादायक समारोह के रूप में संपन्न किया जाएगा।




