पाली में होगा भारतीय जैन संगठना का राज्य स्तरीय अधिवेशन, स्वागत हेतु आमंत्रण गीत जारी

पाली : भारतीय जैन संगठना के आगामी राज्य स्तरीय अधिवेशन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। अधिवेशन को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
जोधपुर संभाग अध्यक्ष रमेशचन्द बरड़िया ने बताया कि इस अधिवेशन में पूरे राजस्थान से सैकड़ों सदस्य पाली पहुंचेंगे। अतिथियों के स्वागत को लेकर जोधपुर संभाग टीम ने एक विशेष आमंत्रण गीत तैयार किया है, जिसे वीडियो संदेश के माध्यम से प्रदेशभर के सदस्यों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस गीत का लेखन कवि प्रमोद भंसाली ने किया है, जबकि गायक राहुल बालड़ ने इसे स्वर दिए हैं। गीत को प्रख्यात वादक हर्ष लोढ़ा, भव्य जैन, चिराग कोठारी एवं गौरव सालेचा ने संगीत से आकर्षक बनाया।
जोधपुर संभाग के सचिव प्रमोद भंसाली ने बताया कि गीत के प्रसारण कार्यक्रम में राज्य महिला सचिव रितु मेहता, संभाग अध्यक्ष रमेशचन्द बरड़िया, संभागीय पदाधिकारी लवकेश कोठारी, अनिता तलेसरा, चिराग कोठारी, गौरव सालेचा, मूलचंद संकलेचा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पाली शाखा अध्यक्ष अमरचन्द बोहरा एवं सचिव बसंत सोनीमण्डिया सहित संगठन के कई पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।
राज्य पदाधिकारी श्रवण दुग्गड़, आतिश लोढ़ा एवं लता ललवानी ने जोधपुर संभाग को इस पहल के लिए बधाई दी है। अधिवेशन को सफल बनाने के लिए संगठन स्तर पर तैयारियां लगातार जारी हैं।



