पाली जिले की अंतिम मतदाता सूची 2026 जारी, मतदाताओं की संख्या 14.15 लाख पहुंची

पाली : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य में चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत पाली जिले की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एल.एन. मंत्री ने बताया कि आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 4 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2025 तक गणना चरण पूर्ण होने के बाद 16 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें जिले में कुल 13 लाख 87 हजार 523 मतदाता दर्ज थे।

इसके पश्चात 16 दिसम्बर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं। इस अवधि में जिले में 33,466 फॉर्म-6, 5,320 फॉर्म-7 तथा 11,210 फॉर्म-8 प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों का निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा परीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण किया गया।
शनिवार को जारी अंतिम सूची के अनुसार पाली जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 14 लाख 15 हजार 156 हो गई है, जो कि प्रारूप सूची की तुलना में 1.99 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इनमें 7,39,598 पुरुष, 6,75,530 महिला एवं 28 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
अंतिम मतदाता सूची की सॉफ्ट (फोटोरहित) एवं हार्ड कॉपी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करवाई गई है। साथ ही यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान की आधिकारिक वेबसाइट तथा वोटर्स पोर्टल पर भी ऑनलाइन उपलब्ध है, जहां मतदाता EPIC सर्च के माध्यम से अपना नाम देख सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ना, हटाना या संशोधन करवाना एक सतत प्रक्रिया है, जिसके लिए फॉर्म-6, 7 एवं 8 ऑनलाइन पोर्टल या संबंधित बीएलओ के माध्यम से भरे जा सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि किसी प्रविष्टि को लेकर असंतुष्ट मतदाता लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 के तहत अंतिम प्रकाशन के 15 दिनों के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील कर सकते हैं। यदि जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से भी संतुष्टि नहीं होती है, तो 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के समक्ष द्वितीय अपील प्रस्तुत की जा सकती है।



