फाल्गुन माह में नंदी गौशाला में गौ पूजन व लापसी भोग, वैष्णव समाज ने लिया गौ सेवा का संकल्प

पाली : फाल्गुन मास के पावन अवसर पर राजेंद्र नगर विस्तार स्थित नन्दी गौशाला में वैष्णव समाज (च.सं.) वेलफेयर सोसाइटी, जिला पाली के तत्वावधान में श्रद्धा एवं भक्ति भाव से गौ माता का पूजन एवं लापसी भोग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सूर्योदय की मंगल बेला में आयोजित इस कार्यक्रम में गौभक्तों ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजन थालियों के साथ भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित लेखराज तिवारी ने विधिवत पूजा सम्पन्न करवाई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौ माता को कंकू तिलक, चुनरी अर्पित कर गुड़ व लापसी का भोग लगाया तथा दीप प्रज्वलित कर आरती की।
संयोजक प्रवीण वैष्णव एवं दिनेश कुमार वैष्णव ने बताया कि कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गौ सेवा व गौ सम्मान का संकल्प लिया। भक्तिमय वातावरण में भजनों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का गुणगान किया गया तथा महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया।

पंडित तिवारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है और ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। नारायणदास हिंगोला ने समाज में भामाशाहों की सक्रिय भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम के पश्चात आयोजित बैठक में समाज में शिक्षा जागरूकता बढ़ाने, वैष्णव प्रतिभा खोज परीक्षा, बालिका शिक्षा प्रोत्साहन, वृद्धजनों के सम्मान, नशामुक्ति एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने हेतु सामूहिक रूप से कार्य करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में समाज के अनेक सदस्यों, महिलाओं एवं युवाओं के साथ गौशाला स्टाफ ने भी सहयोग प्रदान किया। संचालन जगदीश दिवाकर ने किया।



