पाली में पीसीटीएस-एचएमआईएस पोर्टल समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा सहयोगिनियों का हुआ सम्मान

पाली : चिकित्सा विभाग द्वारा पीसीटीएस एवं एचएमआईएस पोर्टल की समीक्षा के लिए शनिवार को जिला मुख्यालय पर पाली ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के निर्देशानुसार किया गया।
पाली बीसीएमओ डॉ. सूर्यवीर सिंह ने बताया कि आयोजित बैठक में जिला सांख्यिकी अधिकारी सिकंदर कुमावत, जिला नोडल अधिकारी विवेकपाल एवं सहायक सांख्यिकीय अधिकारी देवीलाल यादव द्वारा चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, डाटा एंट्री ऑपरेटर, ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर एवं अन्य कार्मिकों को विभागीय ऑनलाइन सॉफ्टवेयर एवं ऐप से संबंधित समस्याओं के समाधान तथा नवीन अपडेट की जानकारी दी गई। साथ ही वर्षभर किए गए कार्यों की समीक्षा भी की गई।

ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर नत्थूलाल बामनिया ने बताया कि बैठक के दौरान परिवार नियोजन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा सहयोगिनियों को सम्मानित किया गया। आशा सहयोगिनी बबीता गुड़ा को सबसे अधिक महिलाओं को गर्भनिरोधक इंजेक्शन ‘अंतरा’ के लिए प्रेरित करने पर सम्मानित किया गया। वहीं कालू देवी डरी को विवाह के बाद पहले बच्चे में दो वर्ष की देरी हेतु दंपत्तियों को प्रेरित करने तथा मीमा कवर गुरड़ाई को पहले और दूसरे बच्चे के बीच तीन वर्ष का अंतराल रखने के लिए प्रेरित करने पर सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में धीरेन्द्र कुमार, बीएनओ रमेश कुमार, संगणक ममता कंवर, ब्लॉक एलएचवी रीना अब्राहिम, आईए प्रकाश कुमार, लेखा सहायक नरेन्द्र कुमार सहित ब्लॉक की एएनएम एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।



