सरस मेले में गूंजा महिला आत्मनिर्भरता का स्वर, रूमा देवी ने दिया ग्लोबल मार्केट तक पहुंच का मंत्र

पाली : जिला प्रशासन एवं राजसखी जिला स्तरीय सरस मेला समिति के तत्वावधान में रामलीला मैदान में आयोजित जिला स्तरीय सरस मेले के दूसरे दिन महिला सशक्तिकरण की सशक्त तस्वीर सामने आई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रूमा देवी, जो राजीविका की स्टेट ब्रांड एम्बेसडर एवं अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर हैं, तथा शिक्षा विभाग की सेवानिवृत्त अतिरिक्त निदेशक नूतन बाला कपिला ने शिरकत की। दोनों अतिथियों ने मेले का अवलोकन कर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की और उनसे सीधा संवाद कर उत्साहवर्धन किया।

विशेष संवाद सत्र के दौरान राजीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपने सवाल खुलकर रखे। एक महिला ने पूछा कि गांव में बने उत्पादों को बड़े शहरों और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक कैसे पहुंचाया जाए।
इस पर रूमा देवी ने कहा कि— उत्पादों की बेहतर फिनिशिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग, महिलाओं को वैश्विक बाजार तक पहुंचा सकता है।
दूसरे प्रश्न में एक महिला ने कार्य प्रारंभ करने में आने वाली पारिवारिक व सामाजिक चुनौतियों से निपटने के उपाय पूछे। इस पर नूतन बाला कपिला ने शिक्षा और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि जब मेहनत सफलता में बदलती है, तो समाज का नजरिया स्वतः सकारात्मक हो जाता है।
संवाद के दौरान महिलाओं ने लघु उद्योग विस्तार एवं बैंक ऋण प्रक्रियाओं से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त की। अतिथियों ने वित्तीय अनुशासन बनाए रखने, योजनाबद्ध विस्तार करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह दी।

मंच को संबोधित करते हुए रूमा देवी ने बाड़मेर के एक छोटे से गांव से अपने सफर का उल्लेख करते हुए कहा— “हुनर हर हाथ में है, बस उसे सही मंच और आत्मविश्वास की आवश्यकता है।”
वहीं नूतन बाला कपिला ने कहा कि आज की महिला न केवल आत्मनिर्भर बन रही है, बल्कि वह अन्य महिलाओं को भी शिक्षा और रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, प्रशासनिक अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे। यह आयोजन महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देने वाला साबित हुआ।



