google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में विकास कार्यों की रफ्तार पर कलेक्टर की सख्ती — सभी विभागों को दिए समयबद्ध प्रगति के निर्देश

पाली : जिला कलक्टर एलएन मंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में गत सप्ताह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने विशेष रूप से राजउन्नति योजना, बजट घोषणाओं और भूखंड आवंटन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विभागवार जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

बैठक में पंच गौरव योजनाओं के तहत सभी संबंधित विभागों को प्रभावी आईईसी गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आगामी पंचायत राज चुनावों और प्रधानमंत्री की प्रस्तावित अजमेर यात्रा को लेकर भी प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए विभागों की जवाबदेही तय करने पर बल दिया।

बैठक में चिकित्सा विभाग को मौसमी बीमारियों की रोकथाम, वयोवंदन योजना, आयुष्मान आरोग्य योजना, मां वाउचर योजना तथा बांगड़ चिकित्सालय की ओपीडी सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

सार्वजनिक निर्माण विभाग को पीएमजीएसवाई और अटल प्रगति पथ के तहत सड़कों के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया, वहीं पीएचईडी को जल जीवन मिशन और अमृत योजना की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को पीएम सूर्य घर योजना, कृषि विद्युत कनेक्शन और कुसुम योजना की वर्तमान स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को पेंशन सत्यापन और पालनहार योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग को लाडो प्रोत्साहन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। सहकारिता विभाग को कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि, बागवानी एवं डेयरी योजनाओं में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम को मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। रसद विभाग को एनएफएसए के तहत शुद्ध खाद्य वितरण सुनिश्चित करने और मिलावट के खिलाफ सख्ती बरतने को कहा गया। इसके अलावा पशुपालन, शिक्षा (पीएम श्री), ई-फाइल प्रणाली, कृषि मंडी, रीको और प्रदूषण नियंत्रण मंडल से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रभा, आईएएस बिरजू गोपाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button