रोटरी क्लब पाली में विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी बहु-विशेषज्ञ सेवाएं

पाली : सामाजिक सरोकार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोटरी क्लब पाली एवं कृष्णा डायग्नोस्टिक के संयुक्त तत्वावधान में, व्यास सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल जोधपुर के सहयोग से बापू नगर स्थित रोटरी क्लब परिसर में मंगलवार को एक विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी महेन्द्र मेहता द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने शिविर का लाभ उठाया।

अध्यक्ष दिनेशचंद मेहता एवं सचिव वर्धमान भंडारी ने बताया कि शिविर में व्यास सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा विभिन्न रोगों से संबंधित परामर्श एवं जांच सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में जनरल मेडिसिन, हृदय रोग, स्पाइन सर्जरी, ईएनटी (नाक-कान-गला), हड्डी रोग, यूरोलॉजी तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में डॉ. पी. आर. लिम्बा (जनरल मेडिसिन), डॉ. विनीत कुमार जैन (हृदय रोग), डॉ. भरत खदाव (यूरोलॉजी), डॉ. नवीन मेवाड़ा (स्पाइन सर्जन), डॉ. अंतिमा नेमीवाल (ईएनटी), डॉ. बुरखा अमीन (स्त्री एवं प्रसूति रोग) शामिल रहे।
शिविर को सफल बनाने में रोटेरियन अर्जुनचंद मेहता, प्रवीण कोठारी, धर्मेन्द्र मोहनोत, रामपाल शर्मा, विकास जैन, उमेश गोयल, मनोज समाई, जितेन्द्र नाहर, मूलचंद संकलेचा, मगराज संकलेचा तथा रोट्रैक्ट केतन मेहता और प्रिंस मेहता का विशेष सहयोग रहा। यह शिविर क्षेत्रवासियों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास साबित हुआ।



