राजसखी मेले में छात्रों की सांस्कृतिक धूम, बांगड़ कॉलेज की प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल

पाली : शहर में आयोजित राजीविका राजसखी मेले का मंच रविवार को युवा प्रतिभाओं की रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर हो उठा। राजकीय बांगड़ महाविद्यालय, पाली के छात्र-छात्राओं ने लोक कला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियाँ देकर मेले में उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एडीएम ओमप्रभा एवं एसीईओ जिला परिषद महेंद्र मेहता रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मंच पर प्रस्तुत लोकनृत्य, पारंपरिक गीत एवं सांस्कृतिक झलकियों ने राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान राजीविका से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मेले में आए दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ युवा कलाकारों का मनोबल बढ़ाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने न केवल आयोजन को जीवंत बनाया, बल्कि युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा और लोक संस्कृति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी उजागर किया।



