राजसखी मेले में महिला शक्ति का कमाल, एक दिन में ₹2.27 लाख की रिकॉर्ड बिक्री

पाली : जिला प्रशासन एवं राजीविका के संयुक्त तत्वावधान में रामलीला मैदान में आयोजित राजसखी मेले में ग्रामीण महिला उद्यमियों का हुनर पूरे शबाब पर नजर आ रहा है। मेले के दूसरे दिन जहां भारी भीड़ उमड़ी, वहीं खरीदारी के आंकड़ों ने भी नया रिकॉर्ड कायम कर दिया।
23 फरवरी को मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों पर ग्राहकों ने स्वदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प सामग्री, पारंपरिक परिधानों और शुद्ध मसालों में विशेष रुचि दिखाई। परिणामस्वरूप एक ही दिन में कुल ₹2,27,745 की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। यह उपलब्धि राजीविका समूह से जुड़ी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उनके उत्पादों की बढ़ती बाजार मांग का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।
मेले के दौरान जैतारण, रानी और देसुरी ब्लॉक की राजीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने भी भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए उत्पाद प्रदर्शन, स्टॉल प्रबंधन और विपणन की बारीकियों को समझा।
इस आयोजन में महिला अधिकारिता विभाग की आशा सहयोगिनियों एवं साथिनों ने भी भागीदारी निभाते हुए स्वयं सहायता समूहों का उत्साहवर्धन किया और ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक उत्थान की इस पहल की सराहना की।
रामलीला मैदान में सजे इस मेले ने ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए सीधा बाजार उपलब्ध कराया है, जिससे उनकी आय में वृद्धि के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। जिला प्रशासन और राजीविका का यह संयुक्त प्रयास महिला आत्मनिर्भरता को मजबूत आधार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बनता नजर आ रहा है।



