गेटमैन की सूझबूझ से टली बड़ी रेल दुर्घटना, चिंगारी देख तुरंत रुकवाई मालगाड़ी

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में एक सतर्क रेलकर्मी की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। कर्तव्यनिष्ठा और सजगता का परिचय देते हुए समपार फाटक पर तैनात गेटमैन ने समय रहते मालगाड़ी को रुकवाकर यात्रियों और रेलवे संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया। उनके इस साहसिक कार्य के लिए बुधवार को रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने मुख्यालय में उन्हें सम्मानित किया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि 20 जनवरी 2026 को पीपाड़ रोड–खेड़ी सालवा खंड स्थित समपार फाटक संख्या 141 पर ड्यूटी के दौरान गेटमैन आमदीन ने गुजर रही एक मालगाड़ी के वैगन से अचानक चिंगारी और धुआं निकलते देखा। यह संकेत किसी तकनीकी खराबी का था, जिससे आगे चलकर गंभीर दुर्घटना की आशंका उत्पन्न हो सकती थी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आमदीन ने बिना समय गंवाए लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रोकने की कार्रवाई की। उनकी तत्परता के कारण ट्रेन को समय रहते रोक लिया गया और संभावित हादसे को टाल दिया गया।
इसके बाद रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर संबंधित वैगन की जांच की और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की। इस प्रकार आमदीन की सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय ने न केवल एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की।
रेल प्रशासन ने उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें महाप्रबंधक पुरस्कार से सम्मानित किया। रेलवे अधिकारियों ने इसे रेल संरक्षा के प्रति सतर्कता और जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण बताया।



