पाली : बाल विवाह के खिलाफ बड़ा जनअभियान शुरू, ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ रथ गांव-गांव देगा जागरूकता का संदेश

पाली : जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से “बाल विवाह मुक्त भारत” 100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत गुरुवार को तखतगढ़ में जागरूकता रथ यात्रा और पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। उप तहसीलदार जितेन्द्र बबेरवाल ने रथ को रवाना कर इस जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की।
जिला समन्वयक अमन कुमार वैष्णव ने बताया कि यह रथ यात्रा जिले के विभिन्न ब्लॉकों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर बाल विवाह निषेध का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। अभियान के तहत ऑडियो संदेश, पोस्टर, पंपलेट वितरण, जनसंवाद और शपथ कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। यह अभियान Just Rights for Children, जीएसवीएस, महिला एवं बाल अधिकारिता विभाग तथा IGL के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान आमजन को यह समझाया जाएगा कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका और 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह कानूनन अपराध है। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए लोगों को इसके खिलाफ शपथ दिलाई जाएगी।
इस अवसर पर जिला समन्वयक अमन कुमार वैष्णव के साथ अमिता, धन्नाराम, हरिराम, सविता, खेरुनिशा एवं आईजीएल से प्रमोद सारण सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि यह रथ यात्रा सामाजिक सोच में बदलाव लाने और जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित होगी।



