महिलाओं की सुरक्षा पर फोकस, बांगड़ अस्पताल स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण

पाली : महिलाओं को संकट की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने वाली व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी ने राजकीय बांगड़ चिकित्सालय, पाली में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध अस्थायी आवास सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। सेंटर के रिकॉर्ड और रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की गई, जिसमें पाया गया कि केंद्र सक्रिय और प्रभावी रूप से कार्य कर रहा है तथा पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
सचिव भाटी ने निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं को काउंसलिंग सहित हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, जिन मामलों में विधिक सहायता की आवश्यकता हो, उन्हें निःशुल्क कानूनी सहायता हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को आवेदन भेजा जाए।
निरीक्षण के दौरान केंद्र के विभिन्न अभिलेखों की जांच करते हुए विगत माह के आंकड़े भी एकत्रित किए गए। इस अवसर पर केंद्र प्रबंधक देवी बामणिया, सोनिया जोशी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल को महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे पीड़ित महिलाओं को समय पर संरक्षण और न्यायिक सहायता सुनिश्चित की जा सके।



