google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जोधपुर शैक्षणिक भ्रमण से लौटा कंकु विजय महाविद्यालय का दल, ऐतिहासिक धरोहरों व प्रकृति से लिया ज्ञान का अनुभव

पाली : शहर के कंकु विजय महाविद्यालय के प्रशिक्षणार्थियों ने एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के दौरान ब्लू सिटी जोधपुर के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक व प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन कर ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त किया।

महाविद्यालय निदेशक अभिषेक जैन एवं प्राचार्य डॉ. करण सैन ने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों का दल जोधपुर स्थित नवनिर्मित अक्षरधाम मंदिर पहुँचा, जहाँ मंदिर की अद्वितीय शिल्पकला एवं प्रस्तरों पर उकेरी गई आकर्षक कलाकृतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रशिक्षणार्थियों ने स्वामी नारायण प्रभु के दर्शन कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव भी किया।

इसके बाद दल ने माचिया जैविक उद्यान का भ्रमण किया, जहाँ विभिन्न प्रजातियों के वन्यजीवों एवं पक्षियों की गतिविधियों को नजदीक से देखने का अवसर मिला। प्रकृति से जुड़ाव का अनुभव करते हुए विद्यार्थियों ने कायलाना झील पर नौकायन का आनंद भी लिया।

भ्रमण दल ने विश्वप्रसिद्ध मेहरानगढ़ किला का अवलोकन किया, जहाँ गाइड द्वारा दुर्ग के इतिहास, स्थापत्य कला एवं शौर्य गाथाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। दुर्ग की भव्यता एवं प्राचीन धरोहरों ने विद्यार्थियों को राजस्थान के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया।

इसके पश्चात दल मंडोर गार्डन पहुँचा, जहाँ शाम को आयोजित लेजर लाइट शो के माध्यम से मंडोर के इतिहास एवं शासकों की गाथाओं को रोचक दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति के रूप में देखा गया। इस प्रस्तुति ने विद्यार्थियों में इतिहास के प्रति गर्व एवं जिज्ञासा का भाव उत्पन्न किया।

इस शैक्षणिक भ्रमण में व्याख्याता प्रीति पंवार, लता महावर, दिनेश विश्नोई, प्रवीण द्विवेदी एवं आजाद सैन सहित महाविद्यालय स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति एवं प्रकृति से जुड़ने का महत्वपूर्ण शिक्षण अनुभव साबित हुआ।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button