रोटरी क्लब पाली का रंगारंग होली महोत्सव, संगीत, नृत्य और भाईचारे के रंगों में सराबोर हुआ आयोजन

पाली : रोटरी क्लब पाली द्वारा आयोजित होली महोत्सव उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से भरपूर रहा। क्लब सदस्यों ने होली के पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर फागोत्सव को उल्लासपूर्वक मनाया और प्रसिद्ध गायक अनूप सिंह के होली गीतों पर जमकर नृत्य कर आनंद उठाया।
क्लब अध्यक्ष दिनेशचंद मेहता एवं सचिव वर्धमान भंडारी ने बताया कि “होली के रंग, रोटरी के संग” थीम पर आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पाली तहसीलदार कल्पेश जैन रहे, जिनका क्लब की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने होली गीतों पर थिरकते हुए उत्सव का भरपूर आनंद लिया। आयोजन में बेस्ट कपल डांस एवं बेस्ट डांस परफॉर्मेंस के अवॉर्ड प्रदान किए गए। साथ ही अंताक्षरी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
मनोरंजन को और रोचक बनाने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। पूरे कार्यक्रम में वातावरण रंगों, उमंग और आपसी भाईचारे से सराबोर रहा।

सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं तथा फूलों की होली खेलकर उत्सव को और अधिक आनंदमय बना दिया। इसके पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से स्वादिष्ट लंच का आनंद लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ रोटेरियन अर्जुनचंद मेहता, प्रवीण कोठारी, सहायक प्रांतपाल राजेंद्र सुराणा, अशोक लोढ़ा, तरुण मेहता, धर्मेंद्र मोहनोत, मगराज जैन, ताराप्रकाश खंडेलवाल, मूलचंद संकलेचा, रामपाल शर्मा, नीलकमल दायमा सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। यह होली उत्सव आपसी प्रेम, सौहार्द एवं एकता की भावना को सुदृढ़ करते हुए सभी के लिए यादगार बन गया।




