विकसित भारत युवा संसद 2026, पाली के युवाओं ने लोकतंत्र पर रखे सशक्त विचार, पाँच प्रतिभागी राज्य स्तर के लिए चयनित

पाली : राजकीय बांगड़ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पाली में खेल एवं युवा मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित “विकसित भारत युवा संसद 2026” की जिला स्तरीय प्रतियोगिता गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल शासन प्रणाली नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सशक्त होने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने संविधान की सर्वोच्चता और युवाओं की सक्रिय भूमिका को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व सभापति नगर परिषद महेंद्र बोहरा ने युवाओं को समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और पुरुषार्थ के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया। वहीं महेंद्र सिंह मेहता ने विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा ग्रहण करने और अभिभावकों के सम्मान का महत्व बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने की। आयोजन के संयोजक डॉ. श्रवण सिंह राजपुरोहित रहे, जबकि जिला युवा अधिकारी राजेंद्र जाखड़ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. महेंद्र कुमार की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिले के 15 प्रतिभागियों ने “आपातकाल के पचास वर्ष: लोकतंत्र के लिए सीख” विषय पर अपने तार्किक एवं प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने आपातकाल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और युवाओं की जिम्मेदार भूमिका पर गंभीर चिंतन व्यक्त किया।

प्रतियोगिता परिणाम प्रथम स्थान – डिम्पल प्रजापत, द्वितीय स्थान – दिव्या डागा, तृतीय स्थान – रामराज राजपुरोहित, तृतीय स्थान – भावाराम, चतुर्थ स्थान – मनीष सोमानी,
ये पाँचों प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पाली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। निर्णायक मंडल में महेंद्र बोहरा, गौतमचंद (सेवानिवृत्त प्रोफेसर), डॉ. वैभव भंडारी, डॉ. सोहनलाल गोसाईं एवं डॉ. दीप्ति चतुर्वेदी शामिल रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण रहा। यह आयोजन युवाओं की वक्तृत्व क्षमता को मंच देने के साथ लोकतांत्रिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। अंत में जिला युवा अधिकारी राजेंद्र जाखड़ ने धन्यवाद ज्ञापित किया।



