हनुमान जन्मोत्सव पर शिव हरी विहार में भव्य धार्मिक आयोजन 2 अप्रैल को, तैयारियां जोरों पर

पाली : शहर के पुलिस लाइन के पीछे स्थित शिव हरी विहार के नवग्रह सूर्यपुत्र शनिदेव एवं हनुमान मंदिर में आगामी 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर पुजारी जवरीलाल जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में हवन, अनुष्ठान, शनिदेव पर तेलाभिषेक, पुष्प श्रृंगार सहित कई विशेष धार्मिक आयोजन सम्पन्न होंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रहने की संभावना है।
उत्सव को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं में सुरेश कुमार जोशी, चम्पालाल जोशी, मनोहर, सुनील, राजू जोशी सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। हनुमान जन्मोत्सव को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है तथा श्रद्धालु कार्यक्रम को लेकर विशेष रूप से उत्साहित नजर आ रहे हैं।



