google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में शुरू हुआ सर्वाइकल कैंसर से बचाव का महाअभियान, 90 दिन तक चलेगा एचपीवी टीकाकरण, बालिकाओं को मिलेगी मुफ्त सुरक्षा

पाली : महिलाओं में तेजी से बढ़ रही सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए पाली जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत शनिवार को की गई। जिला मुख्यालय स्थित हाउसिंग बोर्ड के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 14 वर्षीय बालिका को पहला टीका लगाकर इस महत्वपूर्ण अभियान का शुभारंभ हुआ। प्रदेश स्तर पर इस अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर से की गई।

सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि जिले को एचपीवी वैक्सीन की कुल 8300 डोज प्राप्त हुई हैं। प्रदेशव्यापी अभियान के तहत जिले में भी टीकाकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है, जो आगामी 90 दिनों तक निरंतर संचालित रहेगा।

उन्होंने बताया कि यह टीका 14 वर्ष या उससे अधिक आयु की बालिकाओं को लगाया जाएगा। पहले दिन जिले के चिन्हित चार चिकित्सा संस्थानों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित कर टीकाकरण किया गया। आने वाले दिनों में यह टीकाकरण सीएचसी, उप जिला अस्पताल एवं जिला अस्पतालों में भी किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीकाकरण पूर्णतः निःशुल्क और स्वैच्छिक होगा, जिसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग की बालिकाओं तक समान रूप से सुरक्षा पहुंचाना है। अभियान सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में संचालित किया जाएगा। सभी टीका केंद्र 24 घंटे संचालित स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े रहेंगे ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चूण्डावत ने बताया कि 14 वर्ष की आयु में एचपीवी वैक्सीन की एक डोज लंबे समय तक प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि हालिया शोध के अनुसार देश में हर वर्ष लगभग 80 हजार नए सर्वाइकल कैंसर के मामले सामने आते हैं, जबकि 42 हजार से अधिक महिलाओं की इस बीमारी से मृत्यु हो जाती है। ऐसे में एचपीवी वैक्सीन भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय मानी जा रही है।

जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और इस अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता जताई। यह अभियान न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने की मजबूत पहल भी साबित होगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button