google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में युवाओं का सुनहरा शनिवार, 587 नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने देखा विकास और रोजगार का ऐतिहासिक क्षण

पाली। जिला मुख्यालय स्थित माली समाज भवन शनिवार को उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बना, जब युवाओं ने देश में विकास और रोजगार की नई दिशा को लाइव देखा और महसूस किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में 16,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास तथा 21,800 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यहां आयोजित किया गया।

सुबह 10 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के नेतृत्व में चिकित्सा विभाग के नोडल दायित्व के तहत 587 नवचयनित युवाओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। आयोजन के दौरान युवाओं में उत्साह, ऊर्जा और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंगसिंह चौहान, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग ओमप्रभा, सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. दिलीपसिंह चौहान, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग, आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह, पूर्व पंचायत समिति प्रधान मोहिनी देवी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंगसिंह चौहान ने स्थानीय नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उन्हें ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल रोजगार प्राप्ति का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का है।

कार्यक्रम के दौरान सभी नव नियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं में आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार हुआ। आयोजन स्थल पर पूरे समय उत्साह और गर्व का वातावरण बना रहा।

सीएचओ पद पर नियुक्त योगेश कुमार ने कहा कि सरकार की संकल्प शक्ति के चलते जिले के 587 युवाओं और उनके परिवारों को आज नई खुशियां मिली हैं। अन्य नवनियुक्त कार्मिकों ने भी रोजगार के अवसर प्रदान करने पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

पाली में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल विकास परियोजनाओं की सौगात का प्रतीक बना, बल्कि युवाओं के सशक्तिकरण और रोजगार विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश भी लेकर आया। यह दिन जिले के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला साबित हुआ।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button