google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

सोजत सिटी में भव्य गौ महोत्सव, 500 गौशालाओं को मिला करोड़ों का आर्थिक सहयोग

पाली : पाली जिले के सोजत सिटी स्थित श्री मरुधर केसरी स्थानकवासी जैन गुरु सेवा समिति ट्रस्ट पावनधाम परिसर में रविवार को भव्य गौ महोत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

गौ महोत्सव में शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत, सोजत विधायक शोभा चौहान तथा मनिंदर सिंह बिट्टा (अध्यक्ष, ऑल इंडिया टेररिस्ट फ्रंट, नई दिल्ली) मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा गौ माता का विधिवत पूजन कर चुनरी ओढ़ाने, गुड़ खिलाने तथा तिलक-अक्षत अर्पित करने से हुई। इस अवसर पर आयोजन के प्रमुख सहयोगी भामाशाह सुनीलसा खेतपालिया भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू रहा गौ संरक्षण के लिए बड़े स्तर पर आर्थिक सहयोग। श्री गुरु गणेश मिश्री सेवा समिति, चेन्नई (तमिलनाडु) के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में भामाशाह सुनीलसा खेतपालिया की ओर से 500 से अधिक गौशालाओं को दो लाख और एक लाख रुपये की सहायता राशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई। इससे प्रदेश में गौशालाओं के संचालन और सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने प्रवासी राजस्थानियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे विदेशों या अन्य राज्यों में रहकर भी अपनी मातृभूमि से जुड़े रहते हैं और गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा शिक्षा-स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। वहीं मनिंदर सिंह बिट्टा ने कहा कि राजस्थान का व्यक्ति चाहे दुनिया के किसी भी कोने में रहे, वह अपनी संस्कृति और संस्कारों को नहीं भूलता।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गौ माता की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गाय से प्राप्त दूध, घी, गोमूत्र एवं गोबर न केवल स्वास्थ्य बल्कि कृषि के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गौ संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 785 नई गौशालाएं खोली गई हैं तथा इस वर्ष बजट में 1280 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा प्रवासी दिवस मनाने की घोषणा भी की गई है।

सोजत विधायक शोभा चौहान ने कहा कि गौ माता केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की धुरी भी है। उन्होंने सभी से गौ संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश तालेड़ा, विभिन्न गौशालाओं के संचालक, प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे। यह गौ महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि गौ संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के एक बड़े अभियान के रूप में भी सामने आया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button