google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

रामनवमी पर पाली में निकलेगी भव्य विराट शोभायात्रा, 60 समाजों के 650 प्रतिनिधियों ने लिया सहभागिता का संकल्प

पाली : भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। रामदेव रोड स्थित माली समाज बगेची में शनिवार को हिन्दू महोत्सव समिति के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 26 मार्च को निकलने वाली रामनवमी की भव्य शोभायात्रा को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक का शुभारंभ संत प्रेमानंद महाराज (गीता सत्संग भवन) एवं मनोहर दास महाराज (भागीरथी गो सेवा संस्थान) सहित अतिथियों द्वारा राम दरबार के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मनीष सेन ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर इस वर्ष भी शहर में हिन्दू महोत्सव समिति और विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में भव्य विराट शोभायात्रा निकाली जाएगी।

मुख्य वक्ता एवं विहिप के प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी ने कहा कि यह शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने आह्वान किया कि हर समाज, हर परिवार और हर वर्ग से अधिकतम संख्या में लोग इसमें शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाएँ।

बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने शोभायात्रा को और अधिक आकर्षक बनाने के सुझाव दिए। हर वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न समाजों एवं संगठनों द्वारा झांकियां निकाली जाएंगी। शोभायात्रा में घोड़े, बैंड, घोष, गैर नृत्य सहित पारंपरिक प्रस्तुतियां इसकी भव्यता बढ़ाएंगी।

इस बैठक में 60 समाज, संस्थाओं, विद्यालयों और संगठनों के लगभग 650 प्रतिनिधियों ने भाग लिया और 26 मार्च को निकलने वाली शोभायात्रा में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी निभाने का निर्णय लिया।

बैठक के पश्चात सभी समाजों के प्रतिनिधियों ने एक ही पंक्ति में बैठकर सामूहिक भोजन ग्रहण किया, जिससे सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला उपाध्यक्ष रंगलाल जाट ने उपस्थित सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।

बैठक में रामनवमी शोभायात्रा अध्यक्ष सीताराम जोशी, उपाध्यक्ष सोहन सिंह, भरवलाल गुगुरिया, हिन्दू महोत्सव समिति संस्थापक कमल किशोर गोयल सहित अनेक पदाधिकारी, दुर्गावाहिनी मातृशक्ति की बहनें और सर्व हिन्दू समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button